मथुरा। नगर निगम के वार्ड-दो के नारायण नगर, साक्षी नगर और हरिशचंद नगर में खड़ंजा और नालियों के बोर्ड तो लगा दिए गए, पर अभी तक यह कार्य अधूरे पड़े हैं या फिर शुरू भी नहीं हो सके। करीब एक साल से कीचड़ और सड़कों पर बह रहे पानी का दंश झेल रहे लोगों में उबाल आ गया। शनिवार को महापौर से मिलकर एक ज्ञापन सौंपा गया। हर बार की तरह महापौर ने एक ही जवाब दिया कि जांच कराएंगे।
एक साल पहले नारायण नगर, साक्षी नगर और हरिशचंद नगर में खड़ंजा, नालियां और इंटरलॉकिंग का कार्य होना था। नगर निगम ने इस कार्य के लिए यहां बोर्ड लगा दिए तो लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। नारकीय जीवन जी रहे लोगों ने सोचा कि अब अच्छे दिन आ जाएंगे। ऐसा एक साल से ऊपर होने वाला है पर अभी तक न तो खड़ंजा बना और ही न ही नालियों को निर्माण हो सका। लगातार लोग नगर निगम के महापौर मुकेश आर्य बंधु से अपना विरोध जताकर कार्य को कराने की मांग कर रहे थे। पर कार्य शुरू नहीं हो सका।
शनिवार को एक बार फिर लोग महापौर के पास पहुंचे। यहां पर ज्ञापन देकर कार्य को शुरू कराने की मांग रखी। स्थानीय निवासी पवन कुमार यादव ने बताया कि महापौर ने दो टूक कह दिया कि जांच कराएंगे। ज्ञापन देने वालों में सीताराम, गणेश कुमार, कृष्णा, दीपू, सरस्वती देवी, मोहन देवी और भूदेवी आदि महिलाएं और पुरुष शामिल रहे।