मथुरा। ऑनलाइन गिरिराज पर्वत की शिलाएं बेचने के मामले में फंसे इंडिया मार्ट के सीईओ दिनेश अग्रवाल और ब्रजेश अग्रवाल के अधिवक्ता बुधवार को थाना गोवर्धन पहुंचे। यहां पर तीन अधिवक्ताओं ने सीईओ बंधुओं की पैरवी करते हुए साक्ष्य पुलिस को सौंपे।
इन अधिवक्ताओं का कहना है कि सीईओ का इस मामले से कोई संबंध नहीं है। यह मामला तो चेन्नई से संबंधित हैं। गोवर्धन पुलिस ने अधिवक्ताओं के दिए साक्ष्य रख लिए हैं। एसपी देहात श्रीशचंद ने बताया कि सीईओ बंधुओं के तीन अधिवक्ता थाना गोवर्धन आए थे। पैरवी करके सीईओ बंधुओं से इस मामले से कोई लेना देना न होना बता रहे थे। इसके साक्ष्य भी पुलिस को सौंपे हैं। यह साक्ष्य जांच में शामिल कर लिए जाएंगे। फिलहाल साइबर टीम पूरा नेटवर्क खंगाल रही है। तीसरे मथुरा निवासी अंकुर अग्रवाल की पुलिस तलाश कर रही है। वह फिलहाल घर से फरार है।
लोगों का बढ़ रहा गुस्सा
गिरिराज शिलाओं की बिक्री के मामले में चेन्नई की इंडिया मार्ट कंपनी के खिलाफ लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर लोग सड़क पर आ सकते हैं। कुंवर नरेंद्र सिंह, दीनबंधु दास, सीताराम दास, मनीष लंबरदार, बॉबी शर्मा आदि ने एसएसपी से कंपनी के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।