नौहझील (मथुरा)। नौहझील के गांव पारसौली में सोमवार को मिले कंकाल का दो चिकित्सकाें के पैनल ने परीक्षण किया। नमूना डीएनए जांच के लिए भेजा है। हालांकि लापता रेखा के पिता भूरा लगातार अपनी बेटी का कंकाल होने का अंदेशा जता रहे हैं। पुलिस डीएनए रिपोर्ट के बाद पहचान की बात कर रही है।
थाना नौहझील के पारसौली में गजराज के खेत में कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई थी। पास ही मिले कपड़ों को देखकर पिता भूरा ने अपनी बेटी का कंकाल होने का अंदेशा जताया था। नौहझील पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मंगलवार को वीडियोग्राफी के मध्य दो डॉक्टरों के पैनल डीएनए के लिए नमूना लिया। एसपी देहात श्रीशचंद ने बताया कि डीएनए टेस्ट के लिए नमूना लिया गया है। भूरा की पत्नी के साथ मिलान करने के बाद ही साफ हो सकेगा कि यह शव रेखा का है। डीएनए टेस्ट की रिपोर्ट आने के बाद ही ऐसा होगा।
पुलिस कार्रवाई पर ग्रामीण उठा रहे सवाल
पारसौली के ग्राम प्रधान सुभाष चंद ने बताया कि किशोरी के परिजनों का दावा है कि यह कंकाल उन्हीं की बेटी का है।
इसके आधार पर ग्रामीण मामले के खुलासे की मांग पुलिस से कर रहे हैं। कुल मिलाकर इस पूरे मामले में पुलिस कार्रवाई पर भी सवालिया निशान लगाया जा रहा है और लोगों में यह भी कहा जाता रहा है कि ड्रोन कैमरों से ढूंढा खखोरी के इतने समय बाद यह कंकाल, कपडे़ और बाल उसी के खेत के पास कैसे मिले, यह जांच का विषय है।