मथुरा। कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर और ओमिक्रॉन को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है। तीसरी लहर में किसी प्रकार का कोई संकट न हो, इसके लिए ऑक्सीजन प्लांट से लेकर बेड तक की व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को तैयारियों को मॉकड्रिल भी किया है। जनपद में चार सौ बेड को आरक्षित कर ऑक्सीजन प्लांट तैयार किए गए हैं।
जिला अस्पताल से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को अपग्रेड किया गया है। पीडियाट्रिक्स इंटेसिव केयर यूनिट (पीकू) सीएचसी पर तैयार किए गए हैं। कोरोना संक्रमण की संभावित तीसरी लहर में ऑक्सीजन, वेंटिलेटर, बेड और दवाओं की कमी न रहे, इस ओर स्वास्थ्य विभाग तैयार है।
सरकारी अस्पतालों से लेकर निजी अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट तैयार हैं। सरकारी अस्पतालों में लगाए गए ऑक्सीजन के प्लांट से करीब तीन हजार लीटर प्रति मिनट की दर से ऑक्सीजन तैयार की जाएगी।
बिजली आए या न आए, मरीजों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए नए जेनरेटर की व्यवस्था है। मरीज को बेड पर ही ऑक्सीजन की सुविधा मुहैया कराई जाएगी। मथुरा के जिला महिला अस्पताल, वृंदावन के सौ शैय्या संयुक्त जिला अस्पताल के साथ हेडगेवार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वृंदावन, सोनई के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नौहझील के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के साथ कोसी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पीकू वार्ड बनाए गए हैं। जनपद के अन्य अस्पतालों में भी बेड आरक्षित किए गए हैं।
ढाई हजार लोगों के लिए जा रहे सैंपल
जनपद में कोरोना की एक बार फिर से दस्तक के बाद लगातार सैंपलिंग को बढ़ावा दिया गया है। हर दिन लगभग ढाई हजार लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। जो लोग पॉजिटिव मिले, उनके संपर्क में आए लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। जीनोम स्वीकेंस भी कराई गई है।
- डॉ. एके वर्मा, सीएमओ मथुरा।
पांच सरकारी और 9 प्राइवेट अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट पूरी तरह से तैयार हैं। यहां लगभग 16 से 18 टन ऑक्सीजन की पूर्ति होगी। करीब ४०० बेड तैयार हैं, जरूरत पड़ने पर और बेड बढ़ाए जा सकते हैं।
- डॉ. मुनीष पौरुष, जिला सर्विलांस अधिकारी स्वास्थ्य विभाग
विदेश से आने वालों पर विशेष निगाह
वृंदावन और मथुरा सहित ब्रज में हर दिन आने वाले विदेशी मेहमानों पर स्वास्थ्य विभाग विशेष निगाह रखे है। विदेशों से आने वालों को ट्रेस करने पर सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं।