मथुरा। कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर है। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों को अपडेट किया है। ओमिक्रॉन से निपटने के लिए जिला अस्पताल में 42 बेड और वृंदावन के संयुक्त जिला अस्पताल में भी 38 बेड बढ़ाए गए हैं। जनपद में चार सौ बेड को आरक्षित कर ऑक्सीजन प्लांट तैयार किए गए हैं।
साथ ही जिला अस्पताल से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को अपग्रेड करते हुए पीडियाट्रिक्स इंटेसिव केयर यूनिट (पीकू) सीएचसी पर तैयार किए गए हैं। हर दिन लगभग तीन हजार लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। हर ब्लॉक में आरआर टीम को सक्रिय किया गया है।
कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के बढ़ते केस के बाद शासन से आए आदेश के अनुसार 100 बेडों वाले अस्पतालों में 38 और 100 से कम बेड वाले अस्पतालों में 42 बेड बढ़ाए गए हैं। इधर. स्वास्थ्य विभाग के सामने सबसे बड़ी समस्या साल के अंत और नववर्ष पर मथुरा, वृंदावन, गोवर्धन और बरसाना सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर होने वाली भीड़ है। वहीं ब्रज में हर दिन आने वाले विदेशी मेहमान भी स्वास्थ्य विभाग के लिए चिंता का विषय बने हैं।
स्वास्थ्य विभाग विदेशी मेहमानों पर विशेष निगरानी कर रहा है। विदेशों से आने वालों को ट्रेस कर सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। विभाग ने होटल व गेस्टहाउस मालिकों को नोटिस भेज कहा है कि जैसे ही विदेशी आएं तो उसकी पूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए हर ब्लॉक में आरआर टीम का गठन कर दिया गया है। हर दिन टीम से रिपोर्ट ली जा रही है। जहां भी कोई बीमार या संदिग्ध की सूचना मिलती है टीम को भेजा जा रहा है। इसके साथ विदेशों से आने वालों की विशेष निगरानी रखी जा रही है। वृंदावन के इस्कॉन और गोवर्धन में आने वाले विदेशियों के बारे में जानकारी ली जा रही है।
- डॉ. एके वर्मा, सीएमओ मथुरा