मथुरा। बारिश ने एक बार फिर नगर निगम की कलई खोलकर रख दी। बुधवार को हुई बारिश से हाईवे से लेकर शहर में जगह-जगह जलभराव से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। दो घंटे की बारिश के कारण स्कूली बच्चों को भी जलभराव के कारण दिक्कत हुई। उधर, हाईवे सर्विस लेन से पानी निकासी प्रबंधन फेल होने के कारण आसपास की 150 कॉलोनियों में जलभराव हुआ।
नए बस अड्डे रेलवे पुल, पुराना बस अड्डा रेलवे पुल, भूतेश्वर रेलवे पुल, होलीगेट, छत्ता बाजार, चौक बाजार, स्वामीघाट, कृष्णानगर की आंबेडकर कॉलोनी, मधुवन एंक्लेव कॉलोनी, डैपिंयर नगर आदि जगहों पर जलभराव की शिकायतें रहीं।
हाईवे के नयति हॉस्पिटल से गोकुल रेस्टोरेंट तक हाईवे पर पानी ही पानी नजर आया। एडवोकेट अनीता चावना का कहना है कि निकासी न होने के कारण यह दिक्कत आसपास की कॉलोनियों के लोगों को झेलनी पड़ती है। एक सितंबर को स्कूल खुलने के बाद घर लौटे यह बच्चे पानी से काफी देर तक परेशान रहे। महापौर डॉ. मुकेश आर्य बंधु ने बताया कि पंपसेटों पर कर्मचारी पूरी मुस्तैदी से रहे। पानी निकलने के बाद सुगम तरीके से आवागमन शुरू हो सका।
यहां हुआ जलभराव
- नए बस अड्डे रेलवे पुल, पुराना बस अड्डा रेलवे पुल, भूतेश्वर रेलवे पुल, होलीगेट, छत्ता बाजार, चौक बाजार, स्वामीघाट, कृष्णानगर की आंबेडकर कॉलोनी, मधुवन एंक्लेव कॉलोनी, डैपिंयर नगर।
बारिश में धंस गई सड़क
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर रामलीला ग्राउंड में कृष्णोत्सव में सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ के आने से पहले सड़क का निर्माण करवाया गया था। बारिश के कारण रामलीला ग्राउंड के पास सड़क धसक गई। हालांकि कोई हादसा नहीं हुआ।
हाईवे से सटी कॉलोनियों में भरा पानी
हाईवे पर नाला निर्माण के दौरान नेशनल हाईवे अथॉरिटी के अधिकारियों की भूल हजारों परिवारों के लिए मुसीबत बन गई है। सर्विस लेन पर बने मेनहॉलों की नाले से कनेक्टिविटी न होने के चलते बरसात का पानी हाईवे से सटी कॉलोनियों में भर रहा है। नाले-नालियां चोक हो रही हैं। पिछले दिनों नगर आयुक्त अनुनय झा ने दौरा करने के बाद हाईवे अथॉरिटी को चिट्ठी भी लिखी थी। लेकिन अधिकारियों ने कोई का नहीं किया। यहां के जनप्रतिनिधि भी इस समस्या की तरफ ध्यान नहीं दे रहे हैं।
बिजली हो गई गुल
बुधवार को बारिश ने विद्युत निगम की भी पोल खोलकर रख दी। शहर के होलीगेट, भरतपुरगेट, कृष्णानगर, महाविद्या कॉलोनी, जयसिंहपुरा, सदर बाजार, महोली रोड, धौली प्याऊ, डैंपियर नगर, मोतीकुंज आदि इलाकों की बिजली गुल हो गई। मंगलवार रात को भी चार घंटे बिजली गुल रही। एसई शहरी एपी शुक्ला ने बताया कि बारिश के कारण फॉल्ट होने से यह दिक्कत होती है।