मथुरा। मंदिर में तैनात पुलिसकर्मी।
- फोटो : MATHURA
गोवर्धन (मथुरा)। हरगोकुल मंदिर में छेड़छाड़ की वारदात के बाद पुलिस ने मंदिर में दर्शनार्थियों के प्रवेश पर पाबंदी लगा दी है। मंदिर में पुलिस तैनात है।
बृहस्पतिवार को परिक्रमार्थी मंदिर में दर्शनों को गए। उन्हें पुलिसकर्मी ने मंदिर में प्रवेश से पहले ही वापस लौटा दिया। श्रद्धालुओं की आस्था को चोट पहुंच रही है। मुकदमा दर्ज होने के 24 घंटे बीतने के बाद भी पुलिस आरोपी पंडों की गिरफ्तारी तो दूर उन्हें चिन्हित भी नहीं कर पाई है। गौरतलब है कि बुधवार को गोवर्धन के हरगोकुल गिरिराज मंदिर में अंबाला सिटी से श्रद्धालुओं का एक दल दर्शन को आया था।
आरोप है कि दर्शनों के दौरान मंदिर में पंडों ने उनसे जबरन 2100 रुपये चढ़ाने का दबाव डाला। इसके बाद पंडों और श्रद्धालुओं के बीच मारपीट हो गई। महिलाओं ने नारेबाजी कर विरोध-प्रदर्शन कर पुलिस की कार्यशैली पर भी प्रश्न चिन्ह लगाया। ललित कुमार ने थाने में अज्ञात पंडों के खिलाफ चौथ वसूली, छेड़छाड़ की तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था।
मुकदमा दर्ज होते ही पंडा मंदिर छोड़ कर फरार हो गए। इसकी जानकारी होने पर रात में ही रिसीवर गोवर्धन पहुंचे। उन्होंने मंदिर में आराध्य प्रभु की सेवा में नियुक्त पुजारी से आरती राज भोग आदि व्यवस्थाएं शुरू कराईं। मंदिर में बृहस्पतिवार को भी पुलिस तैनात रही। प्रभारी थानाध्यक्ष रवींद्र बाबू ने बताया कि मंदिर में पुलिस तैनात है, गिरफ्तारी न होने तक पंडों को मंदिर में नहीं आने दिया जाएगा। सेवा, पूजा, दर्शन के लिए मंदिर खुला हुआ है।