मथुरा। अब जल्द ही मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण विद्युत-गैस संचालित शवदाह गृह परियोजनाओं को पूरा करेगा। इसका आश्वासन सोमवार को प्राधिकरण के उपाध्यक्ष नगेंद्र प्रताप ने मथुरा श्मशान स्थल संचालन समिति के पदाधिकारियों को दिया है।
विकास प्राधिकरण कार्यालय गए संचालन समिति के पदाधिकारियों ने प्राधिकरण उपाध्यक्ष को अवगत कराया कि सुभाष इंटर कॉलेज से ध्रुवघाट श्मशान स्थल तक सड़क निर्माण, राजकीय इंटर कॉलेज से ध्रुवघाट श्मशान स्थल होकर यमुना पुल तक सड़क की स्थिति ठीक नहीं है। लावारिस शवों के अंतिम संस्कार के लिए यमुना पुल के नीचे तीन नई भट्ठियों का निर्माण प्रस्तावित है।
इसके अलावा यमुना पार स्थित महाराजा अग्रसेन श्मशान स्थल पर शौचालय, मूत्रालय व स्नानघर का निर्माण कराए जाने की आवश्यकता है। वृंदावन रोड स्थित मोक्षधाम श्मशान स्थल पर सोलर लाइट लगवाने की मांग भी की गई। इस पर प्राधिकरण उपाध्यक्ष ने समिति के सुझाव पर इन सभी जन उपयोगी कार्यों को शीघ्र पूरा कराने का आश्वासन देते हुए बताया कि ध्रुवघाट पर प्राधिकरण द्वारा बनाए जा रहे गैस व बिजली के शवदाह गृह के नवीन स्थल को शीघ्र पूर्ण कर संचालन समिति को सौंपा जाएगा।
इस मौके पर प्राधिकरण सचिव राजेश कुमार और ओएसडी क्रांतिशेखर सिंह मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल में मथुरा श्मशान स्थल संचालन समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र अग्रवाल, प्रबंध मंत्री शशि भानु गर्ग, शासन द्वारा नामित प्राधिकरण सदस्य नवीन मित्तल, भुवन भूषण कमल, डॉ. डीएन गौतम मौजूद रहे।