वृंदावन (मथुरा)। ठाकुर श्रीप्रियाकांतजू मंदिर प्रांगण में बृहस्पतिवार को होली खेली गई। श्रद्धालुओं से खचाखच भरे मंदिर प्रांगण में हाइड्रोलिक पिचकारी से टेसू का रंग बरसाए गए। देवकीनंदन महाराज के साथ श्रद्धालु ने उत्सव का आनंद लिया।
प्रियाकांतजू मंदिर प्रांगण में ठाकुरजी के विग्रह पर गुलाल लगाकर मंदिर सेवायतों ने होली की शुरूआत की। ढोल के साथ देवकीनंदन महाराज ने ब्रज की होरी के मधुर भजन गाए तो श्रद्धालु नृत्य करने लगे। मंच पर लोक कलाकारों के ब्रजभाषा में हास-परिहास का क्रम लठामार होली में परिवर्तित हो गया।
इस बीच श्रीराधा-कृष्ण स्वरूपों पर भक्तों ने पुष्पों की वर्षा कर फूलों की होली खेली। होली की खुशी में लड्डू और जलेबी लुटाईं। श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। विश्व शांति सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट सचिव विजय शर्मा, प्रबंधक रवि रावत, गजेंद्र सिंह, विष्णु शर्मा ने आभार जताया।