गोवर्धन (मथुरा)। विकासखंड गोवर्धन के गांव सकरबा में वायरल मलेरिया, डेंगू ने अपने पांव पसार लिए हैं। गांव के प्रत्येक घर में लोग बीमार हो रहे हैं। गांव के संजय पुत्र परमाल को मथुरा के भास्कर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, वहां की रिपोर्ट के अनुसार उसमें डेंगू के लक्षण पाए गए हैं।
गांव सकरबा के पूर्व प्रधान हरिकिशन सैनी ने बताया कि ग्राम के प्रत्येक घर में मलेरिया, डेंगू के मरीज हैं। वहां के संजय को कई दिन से बुखार आ रहा था, जब उसकी हालत बिगड़ने लगी तो परिजनों ने मथुरा के भास्कर हॉस्पिटल में उसे भर्ती कराया। वहां की रिपोर्ट में उसे डेंगू निकला है। जचौंदा के बाद अब बीमारी ने सकरबा में अपने पैर पसार लिए हैं।
गांव में गंगा प्रसाद, परमाती, राजेंद्र, विष्णु सैनी आदि दर्जनों से अधिक लोग बीमार हैं। सभी गांव के लोग झोलाछाप से अपना इलाज करा रहे हैं। सीएचसी प्रभारी डॉ. बीएस सिसौदिया ने बताया कि यदि ऐसी कोई बात है तो टीम को गांव सकरबा में भेजकर इलाज की व्यवस्थाएं की जाएंगी।