मथुरा। अब जल्द ही मथुरा के अनुदानित महाविद्यालयों को नए प्राचार्य मिलने जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग ने चयनित प्राचार्यों की सूची जारी कर दी है। मथुरा जनपद से पांच नाम शामिल हैं, जिसमें आगरा में तैनात डॉ. ललित मोहन शर्मा को प्रदेश स्तर पर 5वीं रैंक हासिल हुई है।
पिछले करीब 13 साल के अंतराल बाद उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग ने प्रदेश की अनुदानित शिक्षण संस्थाओं में प्राचार्य के रिक्त पदों के लिए चयन की प्रक्रिया पूरी की है। इसके लिए पिछले सप्ताह जारी हुई सूची में जनपद के पांच शिक्षक प्राचार्य के पद पर चयनित हुए हैं। इसमें मथुरा निवासी और आगरा आरबीएस कॉलेज में कार्यरत शिक्षक डॉ. ललित मोहन शर्मा को 5वीं रैंक प्रदेश स्तर पर मिली है।
इसके अलावा बीएसए कॉलेज में तैनात डॉ. प्रवीन कुमार अग्रवाल को चयनित प्राचार्यो की लिस्ट में 25वीं रैंक और इसी कॉलेज में डॉ. शैफाली भार्गव को 75वीं रैंक मिली है। जबकि वर्तमान प्राचार्य डॉ. बबीता अग्रवाल को प्रतीक्षा सूची में 59 वां स्थान मिला है। इसके अलावा केआर डिग्री कॉलेज के शिक्षक डॉ. टीपी सिंह ने 252वीं रैंक प्राप्त की है।
उम्मीद जताई जा रही है कि इस माह के अंत तक चयनित प्राचार्यों को नियुक्ति पत्र जारी कर दिए जाएंगे। गौरतलब रहे कि मथुरा जनपद में बीएसए कॉलेज, किशोरी रमण महाविद्यालय, किशोरी रमण गर्ल्स महाविद्यालय और केआर ट्रेनिंग कालेज के साथ आईओपी वृंदावन में प्राचार्य के पद रिक्त हैं।