मथुरा। वृंदावन में पौष अमावस्या के अवसर पर श्रीबांकेबिहारी जी के दर्शन के लिए मंदिर जाने वाले मा?
- फोटो : VRINDAVAN
वृंदावन (मथुरा)। रविवार को पौष अमावस्या के मौके पर ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर में भारी भीड़ देखी गई। दूरदराज क्षेत्रों के साथ-साथ आसपास के गांवों से हजारों श्रद्धालु ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन की अभिलाषा लेकर पहुंचे।
सुबह पट खुलने के साथ ही मंदिर में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। ठाकुर बांकेबिहारी के जयकारों से मंदिर प्रांगण गुंजायमान हो रहा था। हर कोई अपने आराध्य की एक झलक पाने के लिए आतुर दिखा। सुबह से लेकर शाम तक मंदिर में भक्तों की भीड़ रही। वहीं लोगों ने न सामाजिक दूरी का पालन किया न ही मास्क लगाए दिखाई दिए। संवाद
जाम के कारण लोग हुए परेशान
पिछले कई दिन से वृंदावन की सड़कों पर लग रहे जाम से साल के दूसरे दिन भी मुक्ति नहीं मिल सकी। रविवार को भी वृंदावन के प्रवेश मार्गों पर जाम लगा रहा। जाम से लोग कराहते रहे और पुलिसकर्मी आराम करते दिखे।
सुबह से लेकर शाम तक वृंदावन की सड़कों पर जाम की स्थिति बनी रही। वृंदावन के अटल्ला चुंगी, परिक्रमा मार्ग, रमणरेती, इस्कॉन रोड, प्रेम मंदिर के पास, पानीगांव रोड, श्रोतमुनि रोड, मथुरा वृंदावन रोड, पानी गांव रोड, रुक्मिणी विहार आदि स्थानों पर वाहनों की लंबी कतार देखी गई।