महावन (मथुरा)। थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव कारब में बिजली निगम की लापरवाही से विद्युत पोल के सहारे अर्थिंग तार में करंट आने से 6 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई।
शनिवार की दोपहर 3 बजे शिवा (६) पुत्र राजकुमार घर के पास खेल रहा था। खेल-खेल में वह बिजली के खंभे से चिपक गया और उसकी मौके पर मौत हो गई। परिवार में कोहराम मच गया। मौत की सूचना मिलते ही आसपास के लोग आ गए। बच्चे के पिता की मौत 4 साल पहले हो चुकी है। दो भाइयों में वह छोटा था। मां बबली का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों ने बिजली निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया। परिजनों ने शव को नहीं उठाने दिया। बिजली निगम के कर्मचारी भी मौके पर आ गए। थाना प्रभारी त्रिपुरेश कौशिक व ग्राम प्रधान शिशिर चौधरी, चौकी इंचार्ज सुधीर राठी के समझाने के बाद निगम की तरफ से पीड़ित को मुआवजा दिलाए जाने का आश्वासन दिया, तब जाकर शव उठाने दिया। थाना प्रभारी ने बताया बच्चे के शव का पंचनामा भर कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।