मथुरा। थाना हाईवे के राधावैली के पास खाली प्लॉट में मिले गांठौली के किसान के शव को लेकर पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है। दोपहर बाद तक इस संबंध में कोई परिजन घटना की तहरीर दर्ज कराने नहीं पहुंचा है।
विदित रहे कि थाना गोवर्धन के गांव गांठौली के रहने वाले बाबूलाल का रक्तरंजित शव बृहस्पतिवार की सुबह थाना हाईवे की राधावैली कॉलोनी के पास प्लॉट में मिला था। परिजनों ने घर से लापता किसान की हत्या की आशंका व्यक्त की थी। किसान के सिर में भी चोट के निशान थे।
पुलिस इस मामले में मृतक के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल के साथ-साथ उनके घर से निकलने से लेकर गांव के सीसीटीवी कैमरों के बाद उनकी लोकेशन जानने की कोशिश कर रही है। पुलिस का मानना है कि किसान की हत्या किसी अन्य स्थान पर करने के बाद शव यहां फेंका गया प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में विसरा सुरक्षित हो जाने से मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका।
फिलहाल कई एंगल से इस मामले की छानबीन की जा रही है। प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। शुक्रवार की दोपहर तक मृतक के परिवार की ओर से घटना की तहरीर नहीं दी गई है।