मथुरा के सुरीर क्षेत्र में सुदामागढ़ी के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में बंगाल निवासी इंजीनियर रघुनाथ की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मथुरा के सुरीर कोतवाली क्षेत्र में खैर -टैंटीगांव मार्ग पर गांव सुदामागढ़ी के समीप ट्रैक्टर ट्राली के चालक ने बाइक सवार दो युवकों को रौंदा, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची सुरीर पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। जबकि गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया है।
विज्ञापन
झारखंड के थाना मरकच्चो गांव डेब्वा निवासी शंकर राणा गांव भदनवारा में चल रहे जल निगम टंकी निर्माण कार्य का ठेकेदार है।जो कि राया में रहता है। बुधवार को बस से टैंटीगांव पहुंचा और भदनवारा में टंकी निर्माण कार्य के इंजीनियर बंगाल निवासी रघुनाथ को टैंटीगांव बाइक लेकर बुलाया। दोनों बाइक पर सवार होकर गांव भदनवारा जा रहे थे। जेसे ही गांव सुदामागढ़ी के समीप पहुंचे ही थे कि सामने भदनवारा की ओर से आ रहे ट्रैक्टर ट्राली चालक ने बाइक सवार युवकों को रौंद दिया और करीब 200 मीटर तक बाइक को घसीटता हुआ ले गया।
जिससे इंजीनियर बंगाल निवासी रघुनाथ की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर थानाध्यक्ष अरुण कुमार पुलिस टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और मृतक रघुनाथ के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। और घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया है। जबकि ट्रैक्टर ट्राली चालक ट्रैक्टर ट्राली लेकर भाग गया। पुलिस ने मृतक रघुनाथ के परिजनों को सूचना दे दी है। साथ ही ट्रैक्टर ट्राली चालक का पता लगाया जा रहा है।