मथुरा। मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण क्षेत्र अंतर्गत 218 स्वीकृत कॉलोनियों को अब मथुरा-वृंदावन नगर निगम को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। इसके लिए विकास प्राधिकरण, नगर निगम, जल निगम, सीवरेज एंड ड्रेनेज से जुड़े अधिकारियों की बैठक मंगलवार को होगी। इसमें जनपद के प्रमुख बिल्डरों को बुलाया गया है।
मथुरा-वृंदावन के साथ कोसीकलां, छाता, बरसाना, गोवर्धन-राधाकुंड से जुड़े विकास प्राधिकरण के क्षेत्र अंतर्गत 218 स्वीकृत कॉलोनियां हैं। इसमें 11 कॉलोनियां विकास प्राधिकरण की अपनी भी हैं। 218 स्वीकृत कॉलोनियों में से अधिकांश मथुरा-वृंदावन नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत स्थित हैं, जबकि करीब एक दर्जन ही इसके बाहर अन्य निकाय क्षेत्र में बसी हुई हैं। मंगलवार को विप्रा उपाध्यक्ष नगेंद्र प्रताप की अध्यक्षता में बैठक आहूत होगी। इसमें तय होगा कि बिल्डरों की इन कॉलोनियों का कब से सर्वे कराया जाए, जिससे तय हो सके कि किस कॉलोनी में विकास की क्या स्थिति है। अधूरे विकास को पूरा करने की नीति पर भी विचार किया जाएगा।
मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण क्षेत्र अंतर्गत 218 स्वीकृत कॉलोनियां हैं। इसमें अधिकांश कॉलोनी मथुरा-वृंदावन नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत हैं। इन सभी को निगम को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसके लिए मंगलवार को बैठक बुलाई गई है।
- राजेश कुमार, सचिव मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण, मथुरा