दीपावली पर बाजारों में भीड़ बढ़ रही है, लेकिन पुलिस ने कोई ट्रैफिक प्लान ही नहीं बनाया। इसी कारण बुधवार को शहर के हर बाजार में जाम के हालात रहे। स्थिति ऐसी थी कि जहां छोटी गाड़ियों को भी रोका जाना चाहिए, वहां ट्रक और बसों की भी एंट्री कराई जा रही है।
मथुरा में एसपी ट्रैफिक, सीओ ट्रैफिक के साथ पुलिस की लंबी चौड़ी फौज है, लेकिन त्योहार पर भी ट्रैफिक प्लान न बनाया जाना लोगों के गले नहीं उतर रहा। पुलिस के इसी कमजोर मैनेजमेंट के कारण बुधवार को पूरा शहर जाम से त्राहिमाम बोल रहा था। स्कूली वाहन फंसे, एंबुलेंस फंसी, लेकिन पुलिस फिर भी सड़कों पर नजर नहीं आई।
यहां लगा रहा पूरे दिन जाम
डीगगेट से होलीगेट मार्ग, जीआईसी चौराहे से होलीगेट, मिलन तिराहे से चौक बाजार, वृंदावन गेट से चौक बाजार, चौक बाजार से छत्ता बाजार, विश्राम बाजार से होली गेट, भूतेश्वर तिराहे से गोवर्धन चौराहा, नए बस अड्डे से बजरंग धर्मकांटा, नया बस अड्डे से स्टेट बैंक चौराहा, सौंख अड्डे से भरतपुर गेट चौराहा, स्टेट बैंक चौराहा।
त्योहारों पर खोद डाला पूरा शहर
अब जब बाजार में भीड़ बढ़ रही है तो पूरा शहर अंडरग्राउंड बिजली केबल डालने के लिए खोदा जा रहा है। प्रमुख बाजारों की सड़कें खुदी पड़ी हैं। कहीं कोई वाहन फंस जा रहा है तो कहीं कोई। इससे जाम लग रहा है। लोगों का कहना है कि खोदाई का काम दीपावली के बाद कराया जाना चाहिए था, लेकिन यहां के अफसरों को आम आदमी की परेशानी से कोई मतलब नहीं है।