मथुरा। गोविंदनगर थाना क्षेत्र की निवासी मंगलामुखी के उधार की रकम वापस नहीं करने पर पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जन्मभूमि स्थित नई बस्ती रेलवे फाटक की निवासी मंगलामुखी सीमा ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि बीते माह डीगगेट के बद्रीनगर निवासी फिरदोस उर्फ भूरो और उसके भाई वसीम को दो लाख रुपये उधार दिए थे। साथ ही एक माह में रकम वापस करने का दावा किया था। निर्धारित समय बीतने के बाद जब उधार के पैसे मांगे तो दोनों भाई देने से इंकार करने लगे। उन्होंने कई बार पैसे वापस करने के लिए कहा, लेकिन रकम नहीं लौटाई। पुलिस ने दोनों भाईयों से प्रतिमाह 20 से 50 हजार रुपये किस्त के हिसाब से वापस करने को कहा। बावजूद इसके एक भी किस्त नहीं दी। परेशान होकर मंगलामुखी ने पुलिस से शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। मंगलामुखी ने कोर्ट से न्याय की गुहार लगाई है।
सीओ आशना चौधरी ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य मिलेगा, उसी आधार पर कार्रवाई होगी।