मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मस्थान संस्थान के गेट नंबर एक पर बुधवार शाम को इंस्टाग्राम के लिए रील बनाने के चक्कर में ड्रोन उड़ाना हाथरस के तीन युवकों को भारी पड़ गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके कब्जे से ड्रोन, कैमरा, मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
थाना प्रभारी वेदपाल पुंडीर ने बताया कि एसआई अजय कुमार सिंह गश्त कर रहे थे। तभी उन्हें सूचना मिली कि श्रीकृष्ण जन्मस्थान संस्थान के हाई सिक्योरिटी जोन में ड्रोन कैमरा उड़ाने वाले युवक पोतरा कुंड के पास खड़े हैं। वह आज भी ड्रोन उड़ाने की फिराक में हैं। उप निरीक्षक फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने तीनों युवकों को पकड़ लिया।
पूछताछ में उन्होंने अपने नाम हाथरस के चामड़ गेट निवासी सोमेश शर्मा, पनवारी रोड निवासी सुमित कुमार वशिष्ठ, मधुगढ़ी निवासी निपुण वार्ष्णेय बताए। पुलिस ने सोमेश शर्मा के बैग से ड्रोन कैमरा मय किट, आईफोन मिला। दोनों युवकों से भी महंगे फोन बरामद हुए। पुलिस ने बरामद ड्रोन कैमरा चेक किया तो उसमें श्रीकृष्ण जन्मस्थान क्षेत्र से संबंधित काफी वीडियो मिले। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वह यहां घूमने आए थे। इंस्टाग्राम पर वीडियो डाउनलोड करने के लिए ड्रोन से वीडियो बनाया था। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर परिजन को सूचना दी।