यमुना एक्सप्रेसवे पर मथुरा के मांट क्षेत्र में माइलस्टोन 101 के पास दो बसों और कांच से भरे कैंटर की टक्कर में दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। गुरुवार तड़के हुए हादसे के बाद पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया और क्रेन से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
यमुना एक्सप्रेसवे पर गुरुवार तड़के थाना मांट क्षेत्र में माइलस्टोन 101 के पास दो बसों और कांच से भरे कैंटर में टक्कर हो गई। हादसे में दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से हटवाकर यातायात सुचारू कराया गया।
विज्ञापन
हादसा सुबह करीब 3:15 बजे नोएडा से आगरा की ओर जाने वाली लेन में हुआ। कांच से भरा आयशर कैंटर आगरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही विश्वनाथ ट्रैवल्स की बस ने ओवरटेक करते समय कैंटर में टक्कर मार दी। इसके बाद पीछे से आ रही ट्रैवल पॉइंट की दूसरी बस भी कैंटर से टकरा गई। टक्कर के बाद कैंटर पलट गया।
हादसे में चांदनी पत्नी मेराज, आमिर पुत्र अफसर निवासी कश्मीरी गेट, फिरोजाबाद, आजाद, वसीम पुत्र सलीम निवासी फिरोजाबाद और अजर बानो पत्नी साबिर सिद्दीकी समेत दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए।
विज्ञापन
पुलिस ने जेपी और सरकारी एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य कराया।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। पुलिस के अनुसार, मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है। तहरीर मिलने पर मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।