मथुरा। रोडवेज बस स्टैंड पर खड़ीं बसें।
- फोटो : mathura
मथुरा। रोडवेज डिपो की महाकुंभ में लगाई गईं बसें अब लौटना शुरू हो गई हैं। अभी तक 82 बसें प्रयागराज भेजने के कारण अन्य रूट पर बसें बंद होने से यात्रियों को खासी दिक्कत हो रही थी। इन बसों के दो मार्च के आने के बाद यात्रियों को राहत मिलेगी।
डिपो के कार्यवाहक एआरएम संतोष अग्रवाल ने बताया कि महाकुंभ में गईं बसें बृहस्पतिवार से लौटने लगी हैं। 35 बसें आ चुकी हैं, शेष 47 बसें भी 2 मार्च तक आ जाएंगी। उन्होंने कहा कि सभी बसों के आने के बाद यात्रियों को राहत मिलेगी। बसों को स्थानीय रूटों के अलावा दिल्ली सहित अन्य रूटों पर दौड़ाया जाएगा।
तीन दिन बरसाना के लिए चलेंगी बसें
मथुरा रोडवेज डिपो ने ब्रज की होली के लिए तैयारी पूरी कर ली है। इस बार रोडवेज के अधिकारी 7 से 9 मार्च तक बरसाना, नंदगांव के लिए बसें संचालित करेंगे। इसमें डिपो ने 150 बसें लगाई हैं। इसके अलावा आगरा डिपो की 70 बसें अतिरिक्त मंगाई गई हैं, जिन्हें भी बरसाना के लिए संचालित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी बस स्टैंड पर चालक-परिचालकों के ठहरने के लिए टेंट, बिस्तर, भोजन, पानी के साथ अतिरिक्त स्टाफ को तैनात किया है। वरिष्ठ स्टेशन प्रभारियों को बस स्टैंड पर निगरानी करने की जिम्मेदारी दी गई है। बरसना में कंट्रोल रूम बनाया गया है।