जब डिलिवरी मैन आपके घर सिलेंडर लेकर आए तो उसकी लीकेज आदि चेक करने के साथ ही उसका वजन जरूर कराएं। इन दिनों में सिलेंडर में गैस कम होने की शिकायतें लगातार आ रही हैं। लोगों का कहना है कि घर पहुंचने वाले सिलेंडर में एक से डेढ़ किलो तक गैस कम पाई जा रही है।
जिले में 30 गैस एजेंसियां हैं, इन से करीब ढाई लाख उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर सप्लाई किए जाते हैं। लोगों का कहना है कि डिलीवरी मैन सिलेंडर देने आता है तो वजन तोलने की मशीन नहीं लाता। जिला पूर्ति अधिकारी केपी मिश्र ने बताया कि इसकी शिकायतें आ रही हैं, जांच के लिए जिला विधिक माप विज्ञान के अधिकारी से कहा गया है। सप्लाई विभाग की टीम भी जांच करेगी। सभी एजेंसियों के गोदाम चेक कराए जाएंगे। गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
वजन कम होने पर कीजिए शिकायत
जब भी आपके घर सिलेंडर आए तभी उसका वजन किया जाए। हर सिलेंडर पर उसका वजन लिखा होता है। गैस का वजन 14 किलो 200 ग्राम और सिलेंडर का वजन दोनों को जोड़कर कुल वजन होना चाहिए। यदि कम है तो तत्काल संबंधित एजेंसी पर शिकायत कीजिए। जिला पूर्ति अधिकारी के आफिस में भी शिकायत कर सकते हैं।
चंदनवन निवासी कुसुमलता का कहना है कि जब भी डिलिवरी मैन से कहते हैं कि सिलेंडर का वजन करके दो तो वह तौल मशीन लेकर नहीं आने की बात कहता है।
मोहली रोड टीचर्स कालोनी निवासी ऊषा रावत ने बताया कि वजन कम होने के अलावा लीकेज सिलेंडर की समस्या है। शिकायत करने के बाद भी एजेंसी वाले सिलेंडर नहीं बदलते।
मोहिनी शर्मा ने बताया कि गैस कम होने की तो समस्या लगातार बनी हुई है। अब तो सिलेंडर भी बहुत पुराने और जगह-जगह से पिचके हुए आ रहे हैं। रसोई में सही से रखे भी नहीं जा रहे।