मथुरा। एक अगस्त से लागू होने वाले नए सर्किल रेट के लिए अधिकारियों ने कमर कस ली है। 14 जुलाई को राजस्व व संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक होगी। इसमें जमीनों के मौजूदा सर्किल रेट और बाजार दर का मिलान करने के बाद दस फीसदी तक सर्किल रेट बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा जाएगा। हालांकि दर में और भी बढ़ोतरी हो सकती है। सर्किल दर बैठक के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
एडीएम एफआर डॉ. पंकज कुमार वर्मा ने बताया कि जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में बैठक कर इसे अंतिम रूप दिया जाएगा। वैसे पिछले साल अच्छा खासा रेट बढ़ा है। इसके बाद अगस्त में जनपद में नया सर्किल रेट लागू हुआ था। इस बार भी करीब 10 फीसदी सर्किल रेट बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है।
उन्होंने बताया कि बैठक के बाद सभी की जिम्मेदारी तय की जाएगी और सर्वे कराया जाएगा। सर्वे के दौरान यह देखा जाएगा कि बाजार में जमीन का रेट और सर्किल रेट में कितना फर्क है। इसके बाद सभी क्षेत्रों की जमीन के दर में अंतर की रिपोर्ट जिला मुख्यालय को सौंपी जाएगी। इसके बाद आपत्ति मांगी जाएगी और आपत्ति निस्तारण के बाद सर्किल रेट तय किया जाएगा।
अंतरजनपदीय सीमा के सर्किल रेटों का होगा मिलान
इस बार शासन स्तर से अंतरजनपदीय सीमा के सर्किल रेट का मिलान किया जाएगा। पता किया जाएगा कि सीमा के इस पार और उस पार के सर्किल रेट में कितना अंतर है। इसके बाद निर्धारण में विसंगतियां दूर की जाएंगी।