मथुरा। आगरा-दिल्ली हाईवे पर जैंत क्षेत्र में स्थित भूमि पर हरे पेड़ काटने के मामले में वन विभाग ने एफआईआर दर्ज कराई थी। अब मामले में भूमि मालिक ने इसे प्राॅपर्टी डीलर की साजिश बताया है। उनका आरोप है कि प्राॅपर्टी डीलर उन्हें फंसाकर इस भूमि को खरीदना चाहते हैं। उन्होंने पुलिस से दोबारा ऐसा न हो इसके लिए इंतजाम किए जाने की मांग की है।
वाहबी होल्डिंग्स के निदेशक अर्जुन बुहावी ने बताया कि जैंत में हाईवे पर स्थित यह जमीन उनके और भाई निरंजन वाहबी की है। उनका कार्यालय दुबई और मुंबई में है। कुछ साल पहले उन्होंने यह जमीन खरीदी थी। उन्होंने बताया कि वे मथुरा में नहीं रहते हैं और न ही यहां आते हैं। इसी के चलते उन्होंने यह भूमि लीज पर दे दी थी। यह भी स्पष्ट किया कि न तो उन्होंने और न ही लीजधारक ने पेड़ काटने के आदेश दिए। उनका आरोप है कि लीजधारक ने उन्हें बताया कि कुछ प्रॉपर्टी डीलरों ने उक्त भूमि की खरीद के लिए उनसे संपर्क किया था, लेकिन उन्होंने मना कर दिया।
भूमि मालिक का आरोप है कि यह शरारत प्राॅपर्टी डीलरों या जमीन खरीदने के इच्छुक लोगों के दिमाग की उपज है। इसके पीछे उनका मकसद जमीन और उसके मालिक को कानूनी परेशानी में डालना है। इससे मालिकों को जमीन बेचने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।