विद्युत सब स्टेशन के शुभारंभ दौरान मौजूद मुख्य अभियंता व अन्य अधिकारी।
मथुरा। अब बिजली की आंख मिचौली से राहत मिलेगी। शुक्रवार को पागल बाबा मंदिर के पास नए 10 एमवीए के विद्युत सब स्टेशन का शुभारंभ हुआ है। ऐसे में गर्मी के मौसम में वृंदावन के उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।
मुख्य अभियंता राजीव गर्ग ने कहा कि इस बिजली में 5-5 एमवीए के दो ट्रांसफाॅर्मर लगाए गए हैं। एक ट्रांसफाॅर्मर को चालू कर दिया गया है, जबकि दूसरा ट्रांसफाॅर्मर तीन से चार दिन बाद चालू किया जाएगा। इससे गर्मी के मौसम में बिजली का लोड कम होगा और उपभोक्ताओं को अद्योषित बिजली कटौती से राहत मिलेगी। एक्सईएन एके कपिल ने बताया कि बिजली घर का काम पूरा हो गया है।
अभी आठ फीडर की सप्लाई चालू की गई है। इसमें कालिदह, जुगल घाट, बिहार घाट, श्रीबांकेबिहारी मंदिर, राधावल्लभ मंदिर, श्रीजी वाटिका, आठ खंभा समेत अन्य क्षेत्र शामिल हैं। इससे पहले उन्होंने मंत्रोच्चारण के साथ नारियल फोड़कर विद्युत सब स्टेशन का शुभारंभ किया। इस दौरान एसई विजय मोहन खेड़ा, एसडीओ संदीप वार्ष्णेय, जेई संजय गाेला समेत अन्य मौजूद रहे।
डीएम-एसएसपी ने भी जाना हाल
शुभारंभ के बाद शुक्रवार को शाम को डीएम चंद्रप्रकाश सिंह व एसएसपी श्लोक कुमार ने विद्युत सब स्टेशन का हाल जाना। साथ ही संबंधित से अधिकारियों ट्रांसफाॅर्मर तथा विभिन्न मशीनों की जानकारी ली। साथ ही निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कहा है कि जल्दी ही दूसरे ट्रांसफाॅर्मर को चालू करने के निर्देश दिए।