मथुरा। थाना हाईवे के गांव देवीपुरा में शुक्रवार को साड़ी की फैक्टरी में मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौके पर पहुंची हाईवे पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को लिये भेजा है।
मूलरूप से औरेया के थाना अजीतमल क्षेत्र का रहने वाला भूरे सिंह (23) पुत्र लहुआ सिंह पिछले काफी समय से अपने दो साथियों के साथ देवीपुरा में किराए के मकान में रह रहा था और तीनों युवक औद्योगिक क्षेेत्र की साड़ी फैक्टरी में कार्य करते थे। शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में भूरे सिंह की मौत हो गई।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस को युवक कमरे में नीचे पड़ा मिला। उसके गले में साड़ी का फंदा लगा हुआ था। प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार ने बताया कि मजदूर ने प्रथम दृष्टया फंदा लगाकर जान दी है। पूरे मामले की छानबीन की जा रही है। उसके साथियाें व आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।