फरह (मथुरा)। कर्नाटक के लोगों को रुपये दोगुने करने का लालच देकर सात करोड़ रुपये की चपत लगाकर केबीसीएल का डायरेक्टर जयकृष्ण सिंह राणा फरार है। उसको पकड़ने के लिए कर्नाटक के थाना बनाहटी की पुलिस दबिश दे रही है। दो दिन से बनाहटी पुलिस राणा और उसके तीन साथियों के गैर जमानती वारंट लेकर डेरा डाले हुए है।
कल्पतरु ग्रुप के मालिक जयकृष्ण सिंह राणा ने कर्नाटक के बादलपुर के लोगों को भी नहीं बख्शा है। साल 2010 में रुपये दोगुने करने का लालच देकर केबीसीएल कंपनी में लोगों के रुपये लगवाये। सात करोड़ रुपये जुटने के बाद वह अपने साथियों के साथ फरार हो गया। सोमवार से कर्नाटक के बनाहटी थाने की पुलिस जयकृष्ण सिंह राणा, विश्वनाथ प्रताप सिंह, जवाहर सिंह और शशिकांत मिश्र की तलाश में दबिश दे रही है।
दो दिन से मथुरा के फरह में डेरा डाले कर्नाटक की बनाहटी पुलिस के हत्थे कोई नहीं चढ़ सका है। बनाहटी के सिविल जज के यहां से गैर जमानती वारंट लेकर पुलिस टीम के साथ आए एएसआई अर्जुन सिंह पकड़ने को जगह-जगह दबिश दी। थाना फरह के प्रभारी निरीक्षक शेर सिंह ने बताया कि जयकृष्ण सिंह राणा समेत चार के गैर जमानती वारंट थे। दबिश के दौरान कोई भी आरोपी पुलिस के हत्थे कोई नहीं चढ़ सका।