मथुरा। वृंदावन में कान्हा गोशाला के जीर्णोद्धार की योजना बनाई है। गायों को गोशाला में प्राकृतिक माहौल दिया जाएगा। ताकि खुले में रहकर घास चर सकें। ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने गोशाला को विकसित करने के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा है। मंजूरी के बाद कार्य आरंभ होगा।
अधिकारियों के मुताबिक, गोशाला में गायों को बांधकर नहीं रखा जाएगा। ज्यादा से ज्यादा खुला क्षेत्र रहेगा, जिसमें वे टहल-टहलकर घास चर सकेंगी। पानी और चारा के लिए अतिरिक्त नांद बनाई जाएंगी, ताकि गाय आसानी से पानी पी सकें और चारा खा सकें। पूरा मैदान कच्चा रहेगा। इससे गायें जो गोबर करेंगी, उसको उठाने की भी जरूरत नहीं होगी। गोबर उसी मैदान में सूखकर खाद बन जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि गोशाला को इस तरह से विकसित किया जाएगा ताकि यह पर्यटन का भी केंद्र बने। कर्मचारी आवास, पशु चिकित्सालय और सीवरेज-ड्रेनेज की भी व्यवस्था कराई जाएगी। ब्रज तीर्थ विकास परिषद सीईओ एसबी सिंह ने बताया है कि गोशाला के जीर्णोद्धार के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा है। मंजूरी के बाद कार्य शुरू कराया जाएगा।