शहीद एसपी सिटी मुकुल द्विवेदी को जवाहर बाग में छोड़कर भागने वाले पुलिस अधिकारी, प्रशासनिक अफसर और हमराह पर कार्रवाई की मांग तेजी के साथ गूंजने लगी है। फेसबुक पर बने जस्टिस फॉर मुकुल पेज पर धड़ाधड़ कमेंट्स आ रहे हैं। सूबे के कई बड़े अधिकारियों ने भी इस पेज को लाइक किया है।
एसपी सिटी को छोड़कर भागने वाले पुलिस वालों पर अभी तक कार्रवाई न होना कई सवाल खड़ा करने लगा है। एसपी क्राइम ब्रांच को जांच सौंपी गई थी। वह सभी के बयान भी दर्ज कर चुके हैं। जांच पूरी कर ली गई है लेकिन एक्शन कुछ नहीं हुआ।
फेसबुक पर तैयार हुए जस्टिस फॉर मुकुल पेज पर भी इसे लेकर कमेंट्स आ रहे हैं। किसी ने लिखा है कि पुलिस किस दबाव में है तो कोई कह रहा है कि अफसर कार्रवाई नहीं करना चाहते। तर्क दिया जा रहा है कि एक सपा नेता के साथ मारपीट में एसएसपी पर एक्शन हो गया लेकिन मथुरा के अधिकारियों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। कार्रवाई की भी जाएगी या नहीं अब तो यह भी नहीं पता।
पुलिस अधिकारी तो छोड़िए किसी कांस्टेबिल पर भी अभी तक एक्शन नहीं हुआ है। मुकुल द्विवेदी के भाई प्रफुल्ल द्विवेदी ने बताया कि मुख्यमंत्री तक भरोसा दे गए थे कि दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी लेकिन किसी ने सुनवाई नहीं की।