चौमुहां। थाना जैंत क्षेत्र के अंतर्गत निजी यूनिवर्सिटी के गेट पर बीटेक के एक छात्र ने आरोपियों पर मारपीट करने, उसका मोबाइल और लैपटॉप क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़ित छात्र के पिता की तहरीर पर नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
शक्तिधाम कॉलोनी, औरंगाबाद निवासी कुलदीप सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका पुत्र नितिन सिंह यूनिवर्सिटी में बीटेक कम्प्यूटर साइंस तृतीय वर्ष का छात्र है। 19 जनवरी की सुबह करीब 8:20 बजे जब नितिन यूनिवर्सिटी के गेट नंबर 3 पर उतरा, तो वहां पहले से मौजूद कुछ छात्रों ने उसे बुलाया।
आरोप है कि आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया और नितिन पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने उसे जमीन पर गिराकर लात-घूसों से बुरी तरह पीटा, जिससे उसकी कमर और कोहनी में गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं।
पीड़ित के अनुसार, मारपीट के दौरान हमलावरों ने नितिन का मोबाइल फोन, चश्मा और बैग में रखा कीमती लैपटॉप भी तोड़ दिया। जाते-जाते आरोपियों ने शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। इस घटना के बाद से छात्र मानसिक रूप से डरा हुआ है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने निशांत शर्मा, अतुल उपाध्याय, अभिषेक प्रताप, प्रतीक यादव सहित तीन अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।