राष्ट्रीय लोकदल के स्टार प्रचारक जयंत चौधरी ने कहा कि सपा सरकार ने प्रदेश की जनता का पैसा पानी की तरह बहाया है। रोजगार के अवसर बढ़ाने के बजाय लैपटॉप बांटकर सरकार उपलब्धि गिना रही है। केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पीएम मोदी द्वारा की गई नोटबंदी के फैसले का असर सीधे किसानों और गरीबों पर पड़ा है। उन्होंने कहा कि छाता का विकास केवल रालोद प्रत्याशी ऋषिराज सिंह ही करा सकते हैं।
राष्ट्रीय लोकदल के प्रत्याशी ऋषिराज सिंह के पक्ष में बुधवार शाम को अनाज मंडी में आयोजित चुनावी सभा में जयंत चौधरी निर्धारित से चार घंटे देरी से पहुंचे। यहां उन्होंने कहा कि प्रदेश में चारों तरफ भय का माहौल है। किसान परेशान है, युवाओं को रोजगार की तलाश है। चारों तरफ हाहाकार मचा है। सपा ने प्रदेश के लिए कुछ नहीं किया, तो केंद्र सरकार ने भी अपने तीन साल के कार्यकाल में किसानों और युवाओं को बेवकूफ बनाया है।
प्रदेश में मेरी सरकार आने वाली है। सबसे पहले किसान आयोग का गठन किया जाएगा, युवाओं को रोजगार देने के लिए उद्योगों को बढ़वा दिया जाएगा। उन्होंने लोकदल प्रत्याशी को मत देने की अपील की। जनसभा में पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष रामवीर सिंह भरंगर, डा. अमर सिंह पौनिया, कुमरचंद रावत, करन सिंह, ऊधम सिंह, राजपाल सिंह मौजूद रहे।