रालोद मुखिया चौधरी अजित सिंह ने कहा है कि ढाई साल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक भी वादा पूरा नहीं किया। उन्होंने केंद्र और प्रदेश की सरकार को किसान विरोधी बताया। रालोद मुखिया ने कहा कि 11 फरवरी को होने वाला चुनाव विधायक और प्रदेश की सरकार तय करने का चुनाव नहीं है, यह चुनाव प्रधानमंत्री की किस्मत को तय करेगा। प्रदेश से 73 सांसद होने के बाद भी भाजपा के प्रत्याशी चुनाव हारेंगे।
सौंख के गढ़वाल मैदान में गोवर्धन विधानसभा क्षेत्र से रालोद प्रत्याशी कुंवर नरेंद्र सिंह के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए रालोद मुखिया अजित सिंह ने भाजपा को जुमला पार्टी करार दिया। उन्होंने लोगों से पूछा कि 15 लाख खाते में आए तो जवाब हाथ उठाकर जनता ने मना किया।
अजित सिंह ने कहा कि 130 सभाओं में मोदी ने वादा किया था कि विदेशों से कालाधन लाऊंगा। कालाधन तो ला नहीं सके, देश की जनता जरूर नोटबंदी के चलते लाइन में लगा दी। रालोद की सरकार बनी तो महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा, 100 दिनों में किसानों की समस्याओं को आयोग का गठन होगा, बेरोजगारी खत्म होगी, मजदूरों को नौकरियां मिलेंगी, पुलिस की ड्यूटी आठ घंटे कराएंगे।
इस मौके पर राजेंद्र सिंह सिकरवार, रामवीर सिंह भरंगर, सुरेश भगत, अनूप सिंह, गोविंद सिंह, नरेंद्र सिंह, वीरपाल सिंह, रामरसपाल पौनियां, राजेश गोस्वामी, उमेश अग्रवाल उपस्थित रहे। अध्यक्षता पूर्व प्रधान प्यारेलाल ने की। संचालन वीरेन्द्र सिंह और विजय सिंह कुंतल ने किया।