मथुरा। जमुनापार थाना क्षेत्र में पांच दिन पहले हुई लूट की वारदात में पुलिस अभी तक बदमाशों का सुराग नहीं लगा सकी है। डीआईजी ने मामले के खुलासे के लिए जमुनापार के साथ स्वाट और सर्विलांस टीम को भी लगा रखा है।
शनिवार की रात को लोहवन मार्ग स्थित मैरिज होम में आगरा के सैंया से बरात आई थी। रात 10 बजे के करीब दूल्हे के ताऊ छीतर प्रसाद गेस्ट हाउस के बाहर खड़े थे। तभी बाइक सवार दो बदमाश आए और उनके हाथ में लगे बैग को छीनकर भाग गए। बैग में दो लाख रुपये की नकदी थी। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। डीआईजी ने मामले के खुलासा के लिए जमुनापार के साथ सर्विलांस और स्वाट टीम को लगा दिया।
पांच दिन बीतने के बाद भी पुलिस खाली हाथ है। पुलिस अब तक 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और 50 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ कर चुकी है। बावजूद बाइक सवारों का कोई सुराग नहीं लगा है।
थाना प्रभारी निरीक्षक छोटेलाल ने बताया कि तीनों टीम बदमाशों की सुरागकशी में जुटी हुई है। बदमाश लक्ष्मी नगर की ओर भागे थे। लक्ष्मी नगर जाने वाले मार्ग पर लगे प्रत्येक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। क्षेत्र के साथ आसपास के संदिग्धों को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।