मथुरा। चार दिन पूर्व भगवान देवी इंडेन गैस एजेंसी के गोदाम में चौकीदार मां-बेटे को बंधक बनाकर डकैती की वारदात को अंजाम देकर 57 सिलिंडर लूट का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। पुलिस ने लूटे गए सिलिंडरों में से 45 सिलिंडर बरामद करते हुए चार लुटेरों को पकड़ा है। इनके कब्जे से बाइक व हथियार भी बरामद किए हैं।
रविवार को पुलिस लाइन सभागार में एसएसपी डॉक्टर गौरव ग्रोवर ने बताया कि डकैती की वारदात करने वाले चार लुटेरे गिरफ्तार कर लिए गए हैं। पकड़े गए रेहान निवासी चेहरा, मुरसान (हाथरस), सोनू निवासी केसरगढ़ी, मुरसान (हाथरस), गौरव उर्फ आदित्य निवासी ईसापुर, जमुनापार और नवीन पुत्र सतीश शर्मा निवासी करनपुर टप्पल (अलीगढ़) हैं। इनके अलावा तीन लुटेरों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। लुटेरों को पकड़कर जल्द ही अन्य सिलिंडर भी बरामद किए जाएंगे।
हाथरस का गैंग रहा डकैती में शामिल
एसपी देहात श्रीशचंद ने बताया कि हाथरस के गैंग ने इस वारदात को अंजाम दिया था। खासकर मथुरा के जमुनापार का गौरव भी साथ रहा। गौरव आठ महीने पहले ही जेल से बाहर आया है। पकड़े गए सभी शातिर लुटेरे हैं। इन सभी लुटेरों की क्राइम हिस्ट्री में लूट, चोरी, डकैती, वाहन चोरी और जानलेवा हमले में शामिल रहे हैं।
यह हुई बरामदगी
45 गैस सिलिंडर, दो तमंचा 315 बोर, सात कारतूस, एक सब्बल/बेलचा (लोहे की रॉड), एक मोटरसाइकिल पल्सर।