मथुरा। आयकर विभाग की मथुरा-वृंदावन में छह कारोबारियों के ठिकानों पर छापे की कार्रवाई दूसरे दिन शनिवार को भी जारी रही। इस दौरान कई व्यापारियों के शहर छोड़ने और कार्रवाई के बीच ही पांच-छह कारोबारियों द्वारा करोड़ों रुपये इधर-उधर किए जाने की चर्चाएं तेज हैं।
शुक्रवार तड़के शुरू हुई कार्रवाई में आयकर विभाग की दर्जन भर टीमें अब तक कारोबारियों के दस्तावेज और वित्तीय लेनदेन खंगाल रही हैं। गाजियाबाद, दिल्ली, कानपुर और लखनऊ से करीब चार दर्जन वाहनों में पहुंचीं टीमों ने वृंदावन रोड स्थित गोवर्धन दास अग्रवाल के होटल रेडिशन और धौली प्याऊ स्थित शिव शंकर अग्रवाल उर्फ शंकर सेठ के गुरुकृपा होटल समेत आधा दर्जन से अधिक ठिकानों पर जांच की।
वहीं भारत सीमेंट, वृंदावन में लज्जाराम, भूतेश्वर पर सूरजभान-रामकिशोर, ग्लोइंग वर्ल्ड और कमला टिंबर के यहां भी टीमें जांच कर रही हैं। टीमें कारोबारियों के आय-व्यय, वित्तीय लेनदेन, होटल बुकिंग, जमीन-फ्लैट की खरीद-बिक्री और निर्माण कार्यों के रिकॉर्ड खंगाल रही हैं। उनके कंप्यूटर, लैपटॉप और फाइलों की भी जांच कर रही हैं। वहीं कर्मचारियों और संबंधित लोगों की आवाजाही पर नजर रखी गई। वहीं करीब दर्जनभर चार्टर्ड अकाउंटेंट फर्म के रिकॉर्ड भी जांच के दायरे में आए हैं। उनके भी फोन आदि बंद करा दिए गए हैं।
जयपुर के आयोजन से जुड़ी नाराजगी की चर्चा
जयपुर में एक कारोबारी ने तीन दिवसीय शादी की वर्षगांठ के कार्यक्रम का आयोजन किया था। इसमें होटल का ही खर्च करीब दो करोड़ रुपये का बताया गया है। इसमें अतिथियों को सोने के उपहार भेंट किए गए थे। बताया गया है कार्यक्रम में चुनिंदा लोगों को ही निमंत्रण दिए जाने से कुछ अन्य लोग नाराज हो गए थे। सूत्रों का दावा है कि इसी नाराजगी के चलते आयकर विभाग तक सूचनाएं पहुंचाने में कुछ व्यापारियों की भूमिका हो सकती है। इसके बाद आयकर विभाग की टीमों ने पिछले दो सप्ताह तक शहर में रेकी की है। इसी के बाद छापे की कार्रवाई की गई है।
कुछ कारोबारियों को पहले ही मिल गई थी छापे की सूचना
आयकर विभाग के छापे की सूचना पहले ही शहर के व्यापारिक हलकों में लीक हो गई थी। धनतेरस से पहले से ही शहर के व्यापारियों में इस छापे के पड़ने की संभावनाओं का बाजार गर्म हो गया था। इसके चलते कई कारोबारियों को अपने दस्तावेज और नकदी संभालने का मौका भी मिल गया। छापे से ठीक एक दिन पूर्व ही बृहस्पतिवार को इस कार्रवाई में शामिल एक कारोबारी द्वारा बड़ी मात्रा में नकदी और सोना अन्य सुरक्षित स्थान पर भिजवा दिया था। इसकी चर्चा तेजी से व्यापारियों के बीच फैल रही है। वहीं छापेमारी के दौरान शुक्रवार को भी शहर के पांच-छह व्यापारियों द्वारा करोड़ों रुपये इधर-उधर किए जाने की चर्चा है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है इस कार्रवाई में कारोबारियों के बड़े वित्तीय लेनदेन का खुलासा होने की उम्मीद बेहद कम है।