टैंटीगांव। गांव ब्यौंही में वृद्ध महिला की तेरहवीं में बज रहे डीजे पर नाच गाने को लेकर दो पक्षों में जम कर मारपीट एवं फायरिंग हो गई। इससे पांच लोग घायल हो गए। एक महिला के पैर में छर्रे लगे हैं। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। रामपाल निवासी ब्यौंही की मां सोमा देवी की शुक्रवार को तेरहवीं की दावत दी। यहां डीजे पर नाच गाने हो रहे थे। तभी राकेश अपने भाई के पास नाच गाने की वीडियो काल कर रहा था। तभी गांव के मुकेश से कहासुनी हो गई।
गाली गलौज होते हुए दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई, बाद में फायरिंग हुई। फायरिंग से एक पक्ष की महिला मंजू देवी पत्नी राजेश के पैर में छर्रे लगे हैं। दूसरे पक्ष के राधारमन, धर्मवती, राकेश, रामकुमार घायल हो गए। कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक बदन सिंह ने बताया है कि तेरहवीं कार्यक्रम रामपाल के यहां था। इसमें डीजे बज रहा था। तभी गांव के दो पक्षों में झगड़ा हो गया। दोनों पक्षों के घायलों को अस्पताल भेज दिया। अभी तक दोनों पक्षों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर आने पर मामले की जांच की जाएगी।