गिरिराज तलहटी में होली के रंगों की सतरंगी छटा छाने लगी है। संपूर्ण तलहटी एवं परिक्रमा मार्ग पर रंगों की बौछार इंद्रधनुष सा बना रही है।
रविवार को इंदौर से आए गिरिराज के सैकड़ों भक्तों ने रंगारंग फाग यात्रा निकाली। यूं लगा कि गिरिराज धरा अबीर-गुलाल से पट गई है। हर श्रद्धालु रंग-बिरंगा नजर आया। गिरिराज भक्त मंडल इंदौर के भक्त सफेद कपड़े पहने हुए थे, जिनपर रंग और चटख दिखे।
भक्त मंडल के दिनेश खंडेलवाल और नर सिंह काकाणी की अगुवाई में सभी भक्तों ने गिरिराज जी को गुलाल लगाकर फाग यात्रा शुरू की। होली के गीत गाए गए। कान्हा की नगरी में उडे़ रे गुलाल, धरती है लाल आज, अंबर है लाल, उड़ने दै गोरी गालौ पै गुलाल।
दिनेश खंडेलवाल ने बताया कि गत कई वर्ष से वे गिरिराज महाराज के साथ रंग-गुलाल की होली खेल कर फाग महोत्सव मनाते हैं। इसके लिए स्विट्जरलैंड से मंगाए गए विशेष 20 कुंतल गुलाल का प्रयोग किया जाता है। आयोजन में रामबाबू खंडेलवाल, योगेश खंडेलवाल को पटुका ओढ़ाकर को सम्मानित किया गया।
जयपुर के भक्तों ने तलहटी में मनाया होली उत्सव
गोवर्धन। जयपुर मानसरोवर के राधा गोविन्द जनसेवा संस्थान की ओर से रविवार को परिक्रमा मार्ग में होली महोत्सव का आयोजन किया गया। संस्थान के प्रेमचन्द जैमन ने बताया कि उनका यहां आकर होली उत्सव मनाने का एक ही मकसद है कि वे भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं के साक्षी ब्रजवासियों के बीच मिलकर होली खेलें।
कलाकारों ने श्रीकृष्ण के स्वरूप में मयूर बनकर नृत्य किया। भक्तों ने राधाकुंड के संगम कुंड, मंदिर दानघाटी, मंदिर मुकुट मुखारबिंद मानसी गंगा, गोविंद कुंड आन्यौर, कनक भवन पर होली का आनंद लिया। इस मौके पर समिति के राजेन्द्र प्रसाद जैमन, उदय सिंह चौहान, द्वारिका प्रसाद जैमन आदि शामिल रहे।