मथुरा। पुलिस ने हाईवे के निकट स्थित अस्पताल में घूम रहे एक युवक को पकड़ा है। वह तीन दिन से अस्पताल में घूम रहा था। उसके पास से पुलिस ने प्रयागराज में रहने वाले चार दोस्तों के पासपोर्ट जब्त किए हैं। फिलहाल पुलिस ने उसके चारों दोस्तों को मथुरा बुलाया है।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को अस्पताल के डॉक्टरों ने पुलिस को सूचना दी कि उनके अस्पताल में तीन दिन से एक संदिग्ध युवक घूम रहा है। सूचना पर हाईवे थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और उसे पकड़ लिया। पकड़े गए युवक ने अपना नाम हाईवे थाना क्षेत्र के गिरधरपुर निवासी संजय सिंह बताया है। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह जनसेवा केंद्र चलाता है। एक कंपनी ने उसके दोस्तों के पासपोर्ट बनवाए थे, लेकिन उनका कंपनी में चयन नहीं हुआ।
इसलिए कंपनी ने उनके दोस्तों के पासपोर्ट उसके पास भेज दिए। साथ ही कहा है कि घर पर उसने झूठ बोला था कि वह अब अस्पताल में नौकरी करने लगा है। हालांकि ये सारी बातें दोस्तों के आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी। इसलिए पुलिस ने प्रयागराज से चारों दोस्तों को मथुरा बुलाया है। सीओ श्वेता वर्मा ने बताया कि फिलहाल युवक से पूछताछ की जा रही है। परिजन से भी बातचीत हुई है। दोस्तों से बातचीत करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।