मथुरा। शादी समारोह में हंगामा और फायरिंग करने के आरोपी पूर्व पार्षद तिलकवीर चौधरी की जमानत याचिका पर सोमवार को शोकावकाश के कारण सुनवाई टल गई। अदालत ने सुनवाई के लिए 6 मई की तिथि तय की है।
13 मार्च की रात बीएसए रोड स्थित रामसिया वाटिका में शादी समारोह में हंगामा करने और लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग कर दहशत फैलाने के आरोप में पार्षद पति व पूर्व पार्षद तिलकवीर चौधरी सहित कई लोगों के खिलाफ शहर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। पुलिस ने पूर्व पार्षद तिलकवीर चौधरी और उसके साथियों को नोएडा से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा था।
जेल में बंद तिलकवीर चौधरी ने जमानत के लिए अधिवक्ता के माध्यम से जिला जज विकास कुमार की अदालत में याचिका दाखिल की। याचिका पर 30 अप्रैल को सुनवाई होनी थी लेकिन आरोपी का आपराधिक इतिहास अदालत में दाखिल नहीं होने के कारण सुनवाई टल गई थी। जमानत याचिका पर सुनवाई के लिए अदालत ने 4 मई की तिथि मुकर्रर की थी। सोमवार को शोकावकाश के कारण अधिवक्ता कार्य से विरत रहे और सुनवाई नहीं हो सकी।