चौमुहां। जैंत थाना क्षेत्र के गांव चौमुहां में कार सवार बदमाशों द्वारा हथियारों के बल पर 18 बकरियां चोरी के मामले एक सप्ताह बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। सीसीटीवी फुटेज होने के बावजूद बदमाशों का सुराग न लगने से स्थानीय ग्रामीणों में पुलिस की कार्यप्रणाली पर आक्रोश है।
दरअसल, बीते 30 अप्रैल की रात करीब एक बजे सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार में आए 3-4 नकाबपोश बदमाशों ने पीड़ित लाला सिंह को हथियारों के बल पर बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दिया था। यह घटना पास के स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। ग्रामीणों का गुस्सा इस बात पर भी है कि क्षेत्र में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन खुलासा किसी भी मामले का नहीं हो रहा है।
डेढ़ वर्ष पूर्व जुझार थोक निवासी स्वराज की बकरियां चोरी हुई थीं, जिनका आज तक पता नहीं चला। तीन माह पूर्व मनी थोक निवासी सतेंद्र उर्फ सत्तन के मकान से लाखों के गहने चोरी हुए थे। इसका भी पुलिस खुलासा नहीं कर पाई है। इसके अलावा और भी कई चारों के मामलों में पुलिस के हाथ खाली हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस गश्त केवल कागजों तक सीमित है, जिसका फायदा उठाकर अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।