मथुरा। जिला अस्पताल में फिजीशियन को दिखाने के लिए लगी मरीजों की भीड़। संवाद
- फोटो : mathura
मथुरा। होली पर तला-भुना भोजन करने से लोगों की सेहत पर अब असर पड़ने लगा है। बड़ी संख्या में लोग उल्टी, पेट दर्द के अलावा खांसी और हड्डी के दर्द से पीड़ित हैं। बुधवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 1710 मरीजों ने इलाज करवाया। इसमें उल्टी व पेट दर्द के 760 मरीज शामिल रहे।
अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि होली पर रंगों की मस्ती के साथ लोगों ने पकवान का भी सेवन किया। इससे लोगों के स्वास्थ्य पर विपरीत असर पड़ा है। उन्होंने बताया कि होली के बाद जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। जो ओपीडी पहले 1350 रहती थी अब तो 1600 के पार पहुंच रही है। उन्होंने बताया कि पेट दर्द के मरीजों को भर्ती किया गया है।
सीनियर फिजिशियन डॉ. रवि महेश्वरी ने बताया कि मौसम बदलने और होली पर पकवान का सेवन करने से लोगों की सेहत पर असर पड़ा है। तले, मसालेदार खाद्य पदार्थों का सेवन करने से पाचन तंत्र प्रभावित हो रहा है। इन दिनों ओपीडी में उल्टी, दर्द के अधिक मरीज आ रहे हैं। उधर, नेत्र ओपीडी में भी रंग जाने से आंखों में हुई परेशानी के मरीज होली के बाद ज्यादा बढ़ गए हैं।
वरिष्ठ नेत्र परीक्षण डाॅ. पीके गौतम ने बताया कि रंग जाने से आंखें लाल हो गई हैं। प्रतिदिन 100 के पार ऐसे मरीज नेत्र ओपीडी में आ रहे हैं। इन्हें बचाव के साथ आंख में डालने के लिए ड्रॉप दे रहे हैं।
वर्जन
मौसम बदलने एवं खानपान में गड़बड़ी की वजह से लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। ओपीडी और इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को परामर्श एवं बचाव की सलाह दी जा रही है। - डॉ. मुकुंद बंसल, सीएमएस जिला अस्पताल