मथुरा। शहर में पान मसाला व तंबाकू बनाने वाली ममता ट्रेडर्स
फर्म पर राज्य वस्तु एवं सेवा कर (एसजीएसटी) ने छामा मारा। करीब दो टीमों ने शनिवार दोपहर 12 बजे से जांच शुरू और देर रात तक चलती रही। ऐसे में भारी कर चोरी करने के साथ स्टॉक में अंतर मिलने की आशंका जताई जा रही है।
गोविंदन नगर थाने क्षेत्र के मसानी-दिल्ली लिंक मार्ग पर कलक्ट्रेट कॉलोनी में ममता ट्रेडर्स फर्म स्थित है। शनिवार को दोपहर को अलीगढ़ से आए ज्वाइंट कमिश्नर नीरज कुमार और राज्य कर अधिकारी दीपक कुमार के नेतृत्व में दो टीमों ने फर्म के दस्तावेजों और गोदाम को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। टीम ने मौके पर पहुंचते ही कंप्यूटर हार्ड डिस्क, बिल बुक और स्टॉक रजिस्टर को अपने कब्जे में ले लिए। अधिकारियों ने विभाग के ऑनलाइन पोर्टल पर उपलब्ध डेटा और स्टाॅक का बारीकी से मिलान किया। साथ ही टीम ने खरीद-फरोख्त से संबंधित अभिलेखों को गहनता से परखा। कार्रवाई के दौरान मिलान में अनियमितता की आशंका जताई गई है। यही कारण है कि टीम देर रात तक फर्म के दस्तावेज और स्टॉक में अंतर मिलने करती रही। इधर, एसजीएसटी टीम की कार्रवाई के दौरान फर्म के अधिकारियों में खलबली मच गई। फर्म के संचालकों से भी घंटों पूछताछ की गई। साथ ही टीम ने प्रतिष्ठान के मुख्य द्वारों को अपने नियंत्रण में लिया और पुलिस बल तैनात कर दिया। ताकि अंदर से कोई बाहर न जा सके। टीम के पहुंचने की खबर जैसे ही बाजार में फैली, अन्य व्यापारी भी खिसकते नजर आए। राज्य कर अधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि स्टॉक के भौतिक सत्यापन और बिलों के मिलान के बाद ही टैक्स चोरी की सही राशि का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल कार्रवाई जारी है और फर्म को नोटिस थमा दिया गया है।