मथुरा। जंक्शन स्टेशन से चोरी हुई फूलवती की बच्ची की तलाश जीआरपी ने फिर से शुरू कर दी है। डीएनए रिपोर्ट के बाद बरामद हुई बच्ची जेल में निरुद्ध हिना चौहान की निकली थी। जीआरपी पुलिस अधीक्षक ने मामले में फिर से जांच शुरू करा दी।
जानकारी अनुसार जंक्शन जीआरपी थाने में 7 जनवरी 2023 को फूलवती ने अपनी बच्ची चोरी होने का मामला दर्ज कराया था। 10 अक्तूबर को एक पांच सदस्यीय गिरोह से बच्ची को टीम ने बरामद किया था। तब फूलवती ने बरामद बच्ची को अपनी बेटी नीमा उर्फ गौरा बताया था। उधर, गिरोह से गिरफ्तार हिना चौहान ने बरामद बच्ची को अपना बताया। दोनों के विवाद के बाद राजकीय शिशु बाल गृह डीएनए का सैंपल लेकर प्रयोगशाला भेजा, जहां से नवंबर 2024 को डीएनए रिपोर्ट जीआरपी को मिली, जिसके आधार पर बच्ची जेल में निरुद्ध हिना चौहान की निकली। बाल कल्याण समिति के आदेश पर बच्ची को हिना को सौंप दिया गया।
जीआरपी थाना प्रभारी यादराम सिंह ने बताया कि फूलवती की निशानदेही के आधार पर बच्ची को बरामद किया गया था। बच्ची की कमर पर बने निशान के आधार पर उसकी पहचान की थी। पुलिस के पास ऐसा कोई पैमाना नहीं था कि वह तुरंत ही बच्ची की वैज्ञानिक तरीके से पहचान संभव करा पाती। जिन लोगों को पकड़ा गया था उनका कोई स्थायी ठिकाना भी नहीं था, जिससे उन्हें बाद में गिरफ्तार किया जाना मुश्किल होता। फूलवती की बच्ची की तलाश फिर से शुरू कर दी।