मथुरा। नगर निगम ने मथुरा-वृंदावन और पानीगांव मार्ग को हेरिटेज लुक में विकसित करने की योजना बनाई है। मार्गों पर लैंप पोस्ट और सौंदर्यीकरण के साथ-साथ हरित पट्टी विकसित की जाएगी। इस परियोजना पर करीब 25 करोड़ रुपये की लागत आएगी। नगर निगम ने परियोजना का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा है। इसका उद्देश्य मथुरा-वृंदावन क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण और तीर्थ यात्रियों के लिए सुंदर और सुविधाजनक मार्ग प्रदान करना है।
अधिकारियों के मुताबिक, मार्ग के किनारे कच्ची पटरी पर दोनों ओर देशज प्रजाति के पौधे लगाए जाएंगे, जो न केवल पर्यावरण को हरा-भरा बनाएंगे बल्कि जैव-विविधता को भी बढ़ावा देंगे। इसके साथ ही लैंप पोस्ट लाइट्स और सौंदर्यीकरण कराया जाएगा ताकि मथुरा-वृंदावन मार्ग पर प्राकृतिक सौंदर्य और निखारे। यह मार्ग मथुरा-वृंदावन आने वाले तीर्थ यात्रियों और पर्यटकों को प्राकृतिक सौंदर्य के बीच पैदल यात्रा का भी अवसर प्रदान करेगा।
पर्यटक मार्ग पर गुजरते समय हरी-भरी हरियाली का एहसास कर सकेंगे। साथ ही स्थानीय लोगों के लिए भी एक मनोरंजक और स्वास्थ्यवर्धक विकल्प होगा, जो सुबह-शाम सैर के लिए इसका उपयोग कर सकेंगे। नगर आयुक्त जग प्रवेश ने बताया है कि इस योजना का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा है। शासन से मंजूरी के बाद करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से यह कार्य होगा।