मथुरा। कॉरिडोर का प्रतीकात्मक डिजाइन।
- फोटो : mathura
मथुरा। प्रस्तावित श्रीबांकेबिहारी कॉरिडोर में एक नहीं कई वैकल्पिक रास्ते होंगे। परिक्रमा मार्ग स्थित जुगल घाट की ओर मुख्य प्रवेश द्वार के अलावा विद्यापीठ की ओर से भी श्रद्धालु आराध्य के दर्शन करने मंदिर के लिए पहुंच सकेंगे।
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ श्याम बहादुर सिंह ने बताया कि वृंदावन में श्रीबांकेबिहारी के भक्तों की सहूलियत के लिए सरकार ने कॉरिडोर निर्माण की योजना बनाई है। इसमें पेयजल, शौचालय, सामान घर, जूता-चप्पल घर, भोजन व्यवस्था, प्रसाद और फूलमाला की व्यवस्थाओं के साथ तीन हजार लोगों के लिए प्रतीक्षालय भी बनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इसके निर्माण होने पर वर्तमान का कोई रास्ता प्रभावित नहीं होगा। श्रीबांकेबिहारी मंदिर जाने के लिए कई द्वार होंगे। मुख्य द्वार परिक्रमा मार्ग में जुगल घाट की ओर रहेगा। इसके अलावा विद्यापीठ मार्ग से आने वाले भक्तजन भी बिहारीजी के दर्शन के लिए कॉरिडोर से प्रवेश कर सकेंगे। निधिवन से आने वालों के लिए भी रास्ते की यह सुविधा बरकरार रहेगी।
उन्होंने बताया है कि मंदिरों का अधिग्रहण कर लिया जाएगा। रास्ते प्रभावित होंगे। ये भ्रामकता फैलाई जा रही है। लोगों को इन अफवाहों पर ध्यान नहीं देना है। जिला प्रशासन अब अफवाह फैलाने वालों की निगरानी कर रहा है। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।