वृंदावन गोविंद देव मंदिर के पास चल रहा है निर्माण कार्य
- फोटो : VRINDAVAN
वृंदावन। पुरातत्व विभाग के अधीन संरक्षित गोविंद देव मंदिर के अत्यंत निकट आवासीय भवन के स्थान पर व्यावसायिक कॉम्पलेक्स के निर्माण का काम तेजी के साथ चल रहा है। यह निर्माण पांच सौ साल से अधिक पुराने गोविंद देव मंदिर से महज चंद कदमों की दूरी पर स्थित है। इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों तक पहुंचने के बाद विकास प्राधिकरण ने निर्माण रुकवा दिया है।
वृंदावन के मूल स्वरूप पर निरंतर चोट करते हुए उसे नष्ट करने की प्रक्रिया लंबे समय से जारी है। इसी का नतीजा है कि पुरातत्व विभाग द्वारा संरक्षित क्षेत्र में धड़ल्ले से निर्माण हो रहा है। इस पर विभाग के अधिकारी ही नहीं मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण के इंजीनियर भी खामोशी साधे हुए हैं। अब ऐसा ही एक मामला गोविंद देव मंदिर के निकट एक माह से चल रहे निर्माण का है।
श्रीराधारमण घेरा निवासी राधिका गोस्वामी ने ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र के साथ कमिश्नर आगरा से शिकायत की है कि गोविंददेव मंदिर से महज 10 मीटर की दूरी पर प्राचीन आवासीय भवन को तोड़कर व्यावसायिक कॉम्पलेक्स बनाया जा रहा है।
शिकायत के बाद हरकत में आए विकास प्राधिकरण के एई मनीष तिवारी ने निर्माण को रुकवाते हुए चालान की कार्रवाई शुरू कर दी है। तिवारी ने बताया कि इसकी जानकारी उन्होंने शिकायतकर्ता को भी दे दी है। इधर, शिकायतकर्ता गोस्वामी का कहना है कि विप्रा एई ने उनसे कहा था कि उच्चाधिकारियों से शिकायत मत करो मैं काम रुकवा देता हूं।