फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

समय पर परीक्षा और परिणाम देना लक्ष्य

Tue, 03 Feb 2015 12:11 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला मथुरा
विज्ञापन
विज्ञापन
प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों की परीक्षाएं समय पर हों, परीक्षा परिणाम समय पर आएं और डिग्रियां भी छात्र-छात्राओं को समय पर मिल जाएं, इसके लिए कोशिश जारी है। सोमवार को वेटरिनरी विवि के दीक्षांत समारोह में राज्यपाल राम नाईक ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि इसलिए राज्यपाल बनने के बाद सभी कुलपति से भेंट की और दीक्षांत समारोह कराने के निर्देश दिए गए।
विज्ञापन


राज्यपाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशुचिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय एवं गो-अनुसंधान संस्थान मथुरा का यह दीक्षांत समारोह प्रदेश में 15वां है। अब छह विवि और इस प्रक्रिया में बाकी रह गए हैं। उन्हें बेहद खुशी है कि यहां समय पर परीक्षा के साथ छात्र डिग्री पा रहे हैं।

कुलाधिपति राम नाइक ने कहा कि प्रदेश के विवि के शैक्षिक कलैंडर को पटरी पर लाने की कोशिश परवान चढ़ रही है। उन्होंने कहा कि इस विश्वविद्यालय का नाम भगवान श्रीकृष्ण की नगरी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के नाम से जुड़ा है। अनुसंधान के रूप में इसके साथ भारतीय संस्कृति में देव का दर्जा पाने वाली गाय भी जुड़ी है। यहां से पढ़कर निकले छात्रों को गाय, भैंस से लेकर मुर्गी को आरोग्य बनाना है। कृषि और पशुपालन के विकास के बगैर देश की तरक्की संभव नहीं है।  
विज्ञापन


इस अवसर पर मुख्य अतिथि सेंट्रल एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी इंफाल के चांसलर पद्मभूषण प्रो. आरबी सिंह ने कहा कि भारत में 70 करोड़ आबादी 35 वर्ष से कम आयु वाली है। देश में युवा शक्ति का खजाना है। इस युवा शक्ति छात्रों को बड़ा करने की सोचने की बड़ी जिम्मेदारी है। अब कृषि उत्पादन तकनीकी आधारित हो गया है। दुनिया में भोजन की कमी से जूझ रहे लोग 1992 में 99 करोड़ थे, अब 20 करोड़ की गिरावट आई है।
उत्तर प्रदेश में कृषि की स्थिति पर चर्चा करते हुए प्रो. आरबी सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश गेहूं, दाल और चीनी का बड़ा उत्पादक है। इसके बावजूद यहां देश के मुकाबले प्रति व्यक्ति आय 50 प्रतिशत कम है। आजादी के बाद से अब तक स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। देश की जीडीपी में कृषि की हिस्सेदारी 0.6 प्रतिशत है लेकिन इसमें उत्तर प्रदेश का हिस्सा सिर्फ 0.1 प्रतिशत है।

इस दौरान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एसी वार्ष्णेय ने विश्वविद्यालय प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने इसे देश का चौथा वेटरिनरी विवि और देश का पहला पीजी कोर्स शुरू करने वाला वेटरिनरी कालेज बताया। उन्होंने राज्य सरकार से पदों की स्वीकृति के अभाव में चार नए कालेजों की शुरूआत न होने पर चिंता जाहिर की। संचालन रजिस्ट्रार डा. आरपी पांडेय ने किया। समारोह के दौरान मथुरा-वृंदावन से विधायक प्रदीप माथुर, विधायक बलदेव पूरन प्रकाश, नगर पालिकाध्यक्ष मनीषा गुप्ता सहित डीएम राजेश कुमार, एसएसपी मंजिल सैनी, एडीएम प्रशासन डीके सिंह, एडीएम वित्त धीरेंद्र कुमार सचान, सिटी मजिस्ट्रेट हेम सिंह, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष ठा. ओमप्रकाश सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें