मथुरा। निजामुद्दीन से चलकर जंक्शन आई ताज एक्सप्रेस में चार वर्ष की बालिका ने सोमवार सुबह दम तोड़ दिया। बालिका मां के साथ यात्रा कर रही थी। बालिका के पिता की भी चार माह पूर्व कोरोना के कारण मौत हो गई थी।
सुबह 8:42 बजे निजामुद्दीन से चलकर जंक्शन पहुंची ताज एक्सप्रेस के बी.12 कोच से एक महिला दो बैग लेकर प्लेटफार्म संख्या एक पर उतरी। बदहवास महिला की गोद में एक बच्ची भी थी। महिला बैग वहीं छोड़कर जंक्शन से बाहर भागी।
सर्कुलेटिंग एरिया से महिला ने ऑटो किया और चली गई। इसे देख प्लेटफार्म पर मौजूद टीटी स्टाफ ने बैगों को टीटी रूम में रखवाया और इसकी सूचना जीआरपी व आरपीएफ थाने पर दी। करीब एक घंटे के बाद महिला वापस प्लेटफार्म पर पहुंची और विलाप करने लगी। उसकी गोद में बच्ची का शव था।
डिप्टी एसएस केएम उपाध्याय, सीटीआई अशोक कैथवास, एनके शर्मा ने महिला से ढांढस बंधाया और बच्ची की मौत के बारे में पूछा। महिला यात्री ने अपना नाम ज्योति निवासी चिरगांव झांसी बताया। 4 मई को उसके पति की कोरोना के चलते मौत हो गई थी। वह विगत 20 दिन पहले मायके नोएडा 4 वर्ष की बेटी खुशी को लेकर गई थी।
वह ताज एक्सप्रेस से वापस झांसी ससुराल जा रही थी। यात्रा के दौरान कोसी के निकट बच्ची को अचानक तेज बुखार आया। ट्रेन जब जंक्शन पर रुकी तो वह बच्ची को लेकर अस्पताल गई थी। जहां उसे मृत घोषित कर दिया। जीआरपी उप निरीक्षक युगरतन सिंह ने बताया कि बीमारी के चलते बच्ची की मौत हुई है।