गोवर्धन (मथुरा)। मुड़िया मेले की व्यवस्थाओं को लेकर एसडीएम ने गिरिराज तलहटी के प्रमुख मंदिरों के प्रबंधकों के साथ बैठक की। मेले में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मंदिर प्रबंधन की ओर से और क्या बेहतर व्यवस्था कराई जा सकती हैं, इस पर चर्चा की।
बुधवार को एसडीएम नीलम श्रीवास्तव ने गिरिराज दानघाटी, मानसी गंगा स्थित मुकुट मुखारबिंद मंदिर, जतीपुरा मुखारबिंद मंदिर के प्रबंधकों के साथ बैठक की। एसडीएम ने दानघाटी और जतीपुरा मंदिर के खराब सीसीटीवी कैमरों को ठीक कराने को कहा। मंदिर के अंदर व बाहर फैली गंदगी को साफ करने के लिए कहा गया। कहा कि भीड़ भाड़ के दौरान मंदिरों में अव्यवस्था का आलम देखने को मिलता है। दर्शनार्थी पेयजल की समस्या से परेशान नजर आते हैं। मंदिरों में गंदगी से फिसलन होने के कारण श्रद्धालुओं का पैर फिसल जाता है, जिससे वे चोटिल हो जाते हैं।
एसडीएम ने मानसी गंगा में फैली गंदगी की जल्द सफाई कराने को कहा। नगर पंचायत ईओ कल्पना बाजपेई को निर्देशित किया कि मानसी गंगा पर लगाए जाने वाले फब्बारे, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था कराएं। परिक्रमा मार्ग में लगने वाले भंडारा संचालकों को सफाई के लिए निर्देशित किया जाए। सीओ आलोक सिंह, तहसीलदार मनीष कुमार, नायब तहसीलदार मीनू राजपूत, चंद्र विनोद कौशिक, महेश शर्मा, रणधीर चौधरी, विनोद बाबू मिश्रा, देवेंद्र सिंह, पवन कुमार आदि मौजूद रहे।