मथुरा। बुधवार को गौरी पुत्र विनायक के आने का इंतजार पूरा हो गया। 10 दिन तक गणेश उत्सव का उल्लास शहर से लेकर देहात में छाया रहेगा। गणेश चतुर्थी तिथि पर सर्वार्थ सिद्धि योग, ब्रह्म योग और रवि योग में भगवान गणेश की स्थापना की गई।
इस बीच पंडालों में भजनों और जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। जिले में सुबह स्थापना का सिलसिला शुरू हो गया था जो देर शाम तक चलता रहा। कई स्थानों पर भगवान के जन्म उत्सव के चलते पंचामृत और गंगाजल से अभिषेक किया गया। शहर से लेकर देहात क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों व सार्वजनिक पंडालों में भगवान की छोटी व बड़ी मूर्ति स्थापित की गई। मूर्ति स्थापना के समय गणपति बप्पा मोरया के जयघोष गुंजायमान होते रहे। महोत्सव को लेकर युवाओं व बच्चों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।
शहर के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित चंदा ग्रीन वेलफेयर सोसाइटी में भगवान गणेश की मूर्ति की स्थापना हुई। कॉलोनी निवासी नरेंद्र दीक्षित ने बताया कि उनके यहां पिछले चार साल से गणेश चतुर्थी पर बप्पा की स्थापना की जाती है। रिंकी दीक्षित, मुन्नी लाल शर्मा, विनोद दीक्षित, सलिल सक्सेना, अंकित, शिवम दीक्षित, कुशाग्र दीक्षित आदि मौजूद रहे।
भूतेश्वर स्थित श्री कृष्णा बलराम ट्रस्ट बगीची परिसर में कार्यक्रम हुआ। गणेश जीका अभिषेक एवं लड्डू अर्चन हुआ। आकर्षक फूल बंगला सजाया गया। भंडारे का भी आयोजन हुआ।
कार्यक्रम में संरक्षक रविकांत गर्ग, अध्यक्ष संजील अग्रवाल, विजय अग्रवाल, महेंद्र अग्रवाल, धीरेंद्र कुमार गर्ग, अतुल कांत गर्ग, नरेंद्र कुमार गर्ग, धर्मेंद्र गर्ग आदि मौजूद थे।
चौबिया पाड़ा स्थित आदि दशभुजी गणेश मंदिर में चतुर्थी महोत्सव पर श्रीजी पीठाधीश्वर ठाकुरजी बाबा महाराज के सानिध्य में आचार्य मनीष बाबा एवं कपिल बाबा ने पूजन किया।
प्रात:काल में दशभुजी महागणेश का तंत्रोक्त एवं वैदिक पद्धति से पूजन पंचामृत अभिषेक, दिव्य शृंगार एवं 5100 लड्डू द्वारा सहस्त्र अर्चन के बाद दिव्य शृंगार, पुष्प बंगला धारण कराया। चतुर्थी उत्सव पर दशभुजी गणेश को 5 किग्रा चांदी का छत्र का पूजन कर अर्पित किया। समिति के कुलदीप चतुर्वेदी, मनीष, भास्कर बाबा, पंडित गोपेश, जमुना चतुर्वेदी, सौरव, विजय, दीपक आदि मौजूद रहे।
मिशन स्माइल फाउंडेशन की महासचिव अनीता चावला एडवोकेट ने भी अपने घर में भगवान गणेश की प्रतिमा की स्थापना की। उन्होंने बताया कि पूरे 10 दिन तक भगवान गणेश की पूजा की जाएगी। इस दौरान रजनी चावला, कुशल कुमार व मनीष आदि मौजूद रहे।